इन्द्रपाल सिंह 'प्रिइन्द्र'
जिला मुख्यालय पर शपथ ली, रैली भी निकाली,31 अक्टूबर तक चलेगा जागरूकता का अभियान
ललितपुर। जनपद में शनिवार को विशेष संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू हुआ। राजकीय बालिका इंटर कालेज में सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। अभियान की शुरुआत में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.जे.एस.बक्शी की अध्यक्षता में विविध कार्यक्रम हुए। इस मौके पर जिला मुख्यालय पर संचारी रोग के नियंत्रण के लिए शपथ भी ली गई। सदर विधायक रामरतन कुशवाहा ने कहा कि सरकार चाहती है कि प्रत्येक व्यक्ति स्वस्थ रहे। इसी मंशा को लेकर संचारी रोग नियंत्रण अभियान शुरू किया गया है। जागरूकता की दृष्टि से रैली का आयोजन किया गया है। निश्चित ही इस अभियान से लोगों में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता आएगी। इस अभियान को सफल बनाने के लिए जनजागरूकता व जनसहभागिता पर जोर रहेगा। अभियान में आशा व आगंनबाड़ी कार्यकर्ताओं को मुख्य जिम्मेदारी सौपी गई है। उनके द्वारा घर घर भ्रमण कर विभिन्न रोगों के नियंत्रण एवं उपचार की जानकारी प्रदान की जाएगी। संचारी रोग नियंत्रण अभियान में निगरानी समितियों की अहम भूमिका होगी। इस संबंध में जिलाधिकारी आलोक सिंह द्वारा पहले ही संबंधित विभागों को दिशा निर्देश जारी किए जा चुके हैं। मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा.जे.एस.बक्शी ने बताया कि जिले में विशेष संचारी रोग नियन्त्रण अभियान का शुभारंभ हो गया है, जो 01 से 31 अक्टूबर आयोजित किया जाएगा। वहीं, 07 से 21 अक्टूबर तक आशा कार्यकर्ता और एएनएम दस्तक अभियान के अंतर्गत घर घर जाएगी। अभियान के दौरान बुखार, टीबी, कोविड आदि लक्षणों वाले व्यक्ति के बारे में घर-घर जाकर पूछताछ की जाएगी। लक्षण मिलने पर चिह्नित कर उन्हें अस्पताल भेजा जाएगा। आवश्यकता पडऩे पर नि:शुल्क एंबुलेंस की सेवा भी उपलब्ध रहेगी। लक्षण मिलने वाले व्यक्ति का पूरा नाम पता और मोबाइल नंबर सहित पूरा विवरण एएनएम के माध्यम से ब्लॉक मुख्यालय तक भेजा जाएगा। बताया कि इस दौरान वेक्टर जनित रोग जैसे मलेरिया, डेंगू और चिकनगुनिया की रोकथाम के लिए के लिए कई कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। वहीं,12 साल से अधिक आयु के जिन लोगों को कोविड टीका नहीं लगा है, उन्हें कोविड टीका से प्रतिरक्षित किया जाएगा। इस मौके पर डीएमओ डा. मुकेश जौहरी, नगर स्वास्थ्य अधिकारी, डिप्टी सीएमओ डा.आर एन सोनी, कम्यूनिटी मेडिसन विशेषज्ञ डा.सौरभ सक्सेना, वरिष्ठ मलेरिया निरीक्षक हरिश्चंद्र नामदेव, मलेरिया निरीक्षक अनिल कुमार, मलेरिया निरीक्षक संदीप शर्मा, यूनिसेफ से अर्पिता, जीजीआईसी प्रधानाचार्य पूनम मलिक, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता व छात्राएं आदि उपस्थित रहे। स्कूल, कालेजों में प्रार्थना स्थल पर अध्यापकों द्वारा छात्र छात्राओं को संचारी रोगों से बचाव की जानकारी दी जाएगी।
ग्यारह विभाग भी करेंगे मदद
जिला मलेरिया अधिकारी मुकेश जौहरी ने बताया कि चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, नगर पंचायत विकास, पंचायती राज, ग्राम्य विकास विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, शिक्षा विभाग, दिव्यांगजन विभाग, कृषि एवं सिचाई विभाग, सूचना और उद्यान विभाग की सहभागिता रहेगी। सभी विभागों को जिम्मेदारियां सौंप दी गई है। जहां भी मच्छर पनपने की संभावना होगी। वहां नगर पालिका परिषद, नगर पंचायत व जिला पंचायत राज विभाग द्वारा निरोधात्मक कार्रवाई की जाएगी।