राकेश केशरी
कौशाम्बी। चरवा थाना क्षेत्र के हरदुआ गांव की एक वृद्ध महिला की संपत्ति को पट्टीदारों ने फर्जी अभिलेख के जरिए दान करवा लिया। संपत्ति दान करने की जानकारी महिला को हुई तो वह तहसील पहुंची। वहां अभिलेख खंगालने के बाद मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों के साथ पुलिस से की। अदालत के आदेश पर पुलिस ने सात आरोपितों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। हरदुआ गांव की शिवानी पत्नी रामनाथ ने बताया कि पट्टीदार राम औतार ने परिजनों के साथ उसकी संपत्ति के फर्जी अभिलेख बनवाकर संपत्ति का दान करवा लिया। जायदाद दान में जाने की जानकारी महिला को हुई तो उसके पैरो तले से जमीन खिसक गई। अभिलेख खंगालने के बाद पीड़िता ने उच्चाधिकारियों के साथ मामले की शिकायत पुलिस से की। आरोप है कि नामजद शिकायत के बाद भी कोई कार्रवाई नहीं की गई। पीड़िता अदालत पहुंची। अदालत के आदेश पर चरवा पुलिस ने आरोपित राम औतार, भोंदल, छोटू, रामभरोसे समेत सात लोगों के खिलाफ फजीर्वाड़े का मुकदमा दर्ज कर मामले की छानबीन शुरू कर दी है। एसओ ने बताया कि तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर मामले की जांच पड़ताल की जा रही है। जांच के बाद जो सच्चाई सामने आएगी पुलिस वैसी कार्रवाई करेगी।

Today Warta